आग से तीन बच्चे झुलसे
फिरोजाबाद। खाना बनाते समय सिलिंडर में आग लगने से तीन बच्चे झुलस गए। वहीं घर का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पुलिस और फायर विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर विभाग के कर्मचारियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। झुलसे बच्चों को परिजनों ने सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।
लालपुर छपरिया निवासी मोहम्मद वसीम की पत्नी शुक्रवार सुबह खाना बना रही थी। तभी गैस सिलिंडर लीकेज होने से आग लग गई। उसने शोर मचाते हुए आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग और विकराल हो गई। आग ने घर में रखे सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाते समय उसके तीन बच्चे ईज्जा, सुमायला और जैनब झुलस गए। इस बीच काफी भीड़ जमा हो गई और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे।
वहीं सूचना पर फायर स्टेशन प्रभारी दुर्गेश कुमार दमकल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर रामगढ़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फायर विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। वहीं परिजन बच्चों को लेकर सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचे। फायर स्टेशन प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि आग एलपीजी गैस सिलिंडर लीक होने से लगी थी।