फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ के सैलई प्रतापनगर स्थित परचून की दुकान का शटर काटकर रविवार देररात चोरों ने ढाई लाख रुपये का सामान एवं नकदी चोरी कर ली। सोमवार सुबह पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। पीड़ित ने तहरीर दी है। थाना मक्खनपुर के गांव सांती निवासी दिनेश गौतम पुत्र रामदयाल गौतम थाना रामगढ़ के प्रताप नगर सैलई में दिनेश प्रोविजनल स्टोर के नाम से परचून की थोक की दुकान चलाते हैं।
देररात चोरों ने दुकान का शटर काटकर करीब ढाई लाख रुपये का सामान और दस हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। सोमवार सुबह दुकान का शटर टूटा देखकर आसपड़ोस के लोगों ने घटना की जानकारी दिनेश और पुलिस को दी। सूचना पर दिनेश और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी रामगढ़ अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि परचून की दुकान में चोरी की सूचना मिली है। मौके पर पुलिस टीम भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है। पीड़ित दुकानदार ने तहरीर दी है।