फीरोजाबाद में चोरी की घटना को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाशों का पुलिस से सामना हो गया। पुलिस ने एक बदमाश को दबोचा तो उसने सिपाही के हाथ में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। एक फायर भी झोंक दिया। जबकि उसका दूसरा साथी भाग निकला। सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। चोरों से माल खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस कप्तान अजय मोहन शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब चार बजे रसूलपुर थाने के सिपाही विनोद कुमार और प्रेमदत्त शर्मा नगला बरी चौराहा पर पिकेट ड्यूटी कर रहे थे। तभी वहां पहुंचे दो युवक पुलिस को देख भागने लगे। विनोद ने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि प्रेमदत्त दूसरे को पकड़ने के लिए दौड़ा। तभी पकड़े गए बदमाश ने विनोद के हाथ में तमंचे की बट दे मारी और फायर झोंक दिया। फायरिंग होते ही शिवदत्त विनोद को बचाने पहुंच गया। किसी तरह युवक से तमंचा कब्जे में कर उसे काबू किया। इसके बाद आलाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। एसपी देहात संजय सिंह, सीओ सिटी राजेश चौधरी कई थानों के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पकडे़ गए बदमाश ने अपना नाम राजू पुत्र सलीम निवासी पदमपुर थाना सिविल लाइन इटावा बताया। चोरी के माल को कबाड़ी अख्तर निवासी नगला बरी के यहां बेचे जाने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। जबकि फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया तुम्हारे यहां चोरी हो गई
राजू ने बताया कि उसने अपने साथी अड्ढा के साथ शीतल खां निवासी अहमद व राहीनगर निवासी अबरार के यहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस पर पुलिस उसे लेकर अहमद और अबरार के यहां पहुंची और उन्हें चोरी की घटना की जानकारी दी। राजू के पास से एक तमंचा सात कारतूस और आधा किलो चरस बरामद की गई है।
अप्रैल में होनी है अहमद की बेटी की शादी
अहमद खां ने बताया कि वह परिवार के साथ गुजरात में निवास करते हैं। यहां उनके भाई बकार और इसरार निवास करते हैं। दोनों भाईयों के मकान के पास ही अहमद का मकान है। इसलिए अहमद ने बेटी की शादी में सामान लेने के लिए बंद पड़े मकान को सुरक्षित मानकर रख दिया था।
सिपाहियों को 12 हजार ईनाम
एसपी अजय मोहन शर्मा ने बताया कि बहादुरी का काम करने वाले सिपाहियों को मेरी तरफ से पांच और डीआईजी की ओर से सात हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।