बरसात के मौसम में शहर में जगह-जगह खुदे गड्ढे हादसे का सबब बन सकते हैं। अंडरग्राउंड केबल डालने को सुहाग नगर, आर्यनगर, गांधी नगर, सर्विस रोड पर जगह-जगह गहरे गड्ढे खुदे पड़े हैं। इससे आवागमन बाधित हो रहा है, लेकिन विद्युत विभाग व नगर निगम का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
जनता को सुचारु एवं बेहतर आपूर्ति देने के लिए विद्युत विभाग द्वारा शहर में अंडरग्राउंड केबल डालने का कार्य कराया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा मनमाने रूप से कार्य करना शहर की जनता के लिए बड़ी मुसीबत बनता जा रहा है। अंडरग्राउंड केबल डालने के लिए ठेकेदार द्वारा सुहाग नगर, गांधीपार्क, आर्यनगर के साथ सर्विस रोड पर जगह-जगह गड्ढे खोद दिए गए हैं। शहर में जगह-जगह खोदे गए गड्ढे बरसात के मौसम में हादसे को न्यौता दे रहे हैं। कार्य पूर्ण होने के बावजूद ठेकेदार द्वारा गहरे गड्ढों को बंद नहीं किया गया। ऐसे में बरसात का पानी भरने के दौरान उसमें गिरने से गंभीर हादसा भी हो सकता है। तीन दिन से फायर ब्रिगेड से आगे सर्विस रोड पर ड्रिल मशीन से सड़क खोदने का कार्य किया जा रहा है। सुहाग नगर में भी गड्ढे खोदने कार्य चल रहा है। बरसात के मौसम को देखते हुए विद्युत विभाग व नगर निगम प्रशासन ने कार्य बंद कराने की सुध नहीं ली। जनता का कहना है कि ऐसे में यदि कोई गंभीर हादसा हुआ तो इसके लिए जिम्मेदार कौन होगा।
सर्विस रोड किया बंद, दिनभर रहे जाम के हालात
ठेकेदार द्वारा सर्विस रोड खोदने के लिए गुरुवार को फायर ब्रिगेड की साइड का सर्विस रोड बंद कर दिया, जिससे आर्य नगर, गांधीपार्क के साथ भारतीय स्टेट बैंक की साइड के सर्विस रोड पर दिन भर जाम के हालात बने रहे। वाहन चालक व पैदल राहगीरों को भी जाम के झाम से जूझना पड़ा।