फरिहा थाने का घेराव करते परिजन व ग्रामीण। संवाद
- थाना पुलिस पर सुनवाई न करने और सुविधा शुल्क लेने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरिहा (फिरोजाबाद)। एक युवक पिछले तीन दिनों से लापता है। परिजन ने अपहरण की आशंका जताते हुए थाने पर शिकायत की तो पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। मंगलवार को परिजन में आक्रोश पनप उठा। परिजन और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। पीड़ित की मां ने थाना प्रभारी पर पुत्र का अपहरण करने वाले आरोपियों से सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाया है।
गांव वरधरा निवासी अनीता ने बताया कि 17 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे गांव के ही कुछ युवक उसके पुत्र स्वागेश (19) को आंबेडकर पार्क वरधरा के सामने बोरिंग करने वाली मशीन का सामान उतारने के लिए घर से ले गए थे। गांव का युवक स्वागेश को अपनी मोटर साइकिल पर बैठाकर ले गया। तब से उसका कोई पता नहीं चला। दूसरे दिन सुबह करीब सात बजे तक पुत्र के घर वापस न आने पर पीड़िता ने उक्त युवक के घर जाकर पूछताछ की तो उसकी मां ने कहा युवक अपनी ननिहाल बड़ागांव कुशियारी गया है। परिजन की आशंका है कि साजिश रचकर उसका अपहरण कर कोई घटना को अंजाम दिया है। तीन दिन बाद भी पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर परिजन ने ग्रामीणों के साथ मंगलवार को फरिहा थाने का घेराव कर दिया। सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन, सीओ जसराना राजेश गुनावत फरिहा थाने पहुंच गए। अधिकारियों ने समझाकर मामला शांत करा दिया। साथ ही युवक की तलाश करने का आश्वासन भी दिया है। एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन का कहना है कि युवक के लापता होने की जानकारी मिली है। परिजन ने जिन लोगों पर आरोप लगाए हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है।
अभद्र भाषा में बोली पुलिस
लापता युवक की मां जब शिकायत करने के लिए थाने गई तो अपना दुख छिपा नहीं सकी और पुलिस के सामने ही रोने बिलखने लगी। तभी पुलिस के बोल बिगड़ गए। पीड़िता का आरोप है कि जिन युवकों पर आरोप लगाए हैं, पुलिस उन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।