फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में ठेकेदार द्वारा मेहनत की रकम न देने और उत्पीड़न से परेशान होकर एक युवक ने खुद को आग लगा ली थी। वह आग की लपटों से घिरा हुआ था और बचाने को आवाजें दे रहा था। इसके बाद वह पास के ही नाले में कूद गया था। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मंगलवार को पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मोहल्ला हिमांयुपुर ब्राह्मण चौक निवासी मनीष शर्मा सोमवार शाम औद्योगिक क्षेत्र में आग की लपटों से घिरकर चिल्ला रहा था। शरीर से आग की लपटें देख लोगों की भीड़ जुट गई। तभी युवक नाले में कूद गया। इससे आग बुझ गई। इसके बाद भी वह बचने के लिए छटपटाता रहा। आसपास के लोगों ने युवक को नाले से निकलवाकर सरकारी ट्रामा सेंटर भेज दिया था। यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया।
पीड़ित के भाई राजेश ने बताया कि दोनों भाई उमा फैक्टरी में ठेकेदार गणेश के अंडर में काम करते हैं। ठेकेदार मजदूरी के रुपये को लेकर काफी दिन से मनीष को परेशान कर रहा था। कुछ दिन पहले ठेकेदार ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी थी। सोमवार को भी ठेकेदार ने मनीष को प्रताड़ित किया। इसके बाद उसने तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है थाना प्रभारी ने बताया कि टूंडला के गांव नागऊ निवासी गणेश दत्त शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।