फैक्ट्री से काम कर घर जा रहे युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। पीड़ित परिवारीजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना मक्खनपुर अतंर्गत बिल्टीगढ़ निवासी राजपाल पुत्र बाबूराम कस्बा मक्खनपुर स्थित ग्लास फैक्ट्री में काम करता था। बुधवार रात करीब 11 बजे वह अन्य श्रमिकों के साथ काम कर साइकिल से घर लौट रहा था। मक्खनपुर स्थित सैयद बाबा की मजार के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। इधर, हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। आसपास के लोगों ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के परिवारीजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल मक्खनपुर ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवारीजनों को सौंप दिया गया है। वाहन चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।