फंदे पर लटके मिले हिमांशु का फाइल फोटो
खैरगढ़। थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक 27 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के परिजन ने इस मामले में मायका पक्ष पर मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
मलिकपुर गांव निवासी हिमांशु (27), जो दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। उसका रविवार की शाम अपनी पत्नी आरती के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु ने रात करीब 11 बजे छत पर बने कमरे में जाकर पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना का पता चलने पर घर में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजनों ने बताया कि हिमांशु की शादी वर्ष 2021 में आगरा के करकौली, थाना मनसुखपुरा से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर आपस में बनती नहीं थी और किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था।
मृतक हिमांशु अपने पीछे एक रोते-बिलखते बेटे को छोड़ गया है। युवक के फंदे पर लटकने के बाद परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया। वहीं, परिजन जिला अस्पताल से शव लेकर जाते समय मायका पक्ष के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।