मौसम में छाई धुंध में सांस लेना हुआ मुश्किल
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को भी सुबह से मौसम में धुंध छाई रही। हाईवे से लेकर मुख्य मार्गों, गांव व देहात में कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। मौसम में धुंध छाने के कारण लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया। आंखों में जलन और पानी आने से लोग परेशान दिखे।
सुहागनगरी की आवोहवा में लोगों का सांस लेना भी दुश्वार हो गया है। पहले दीपावली पर हुई आतिशबाजी ने प्रदूषण का ग्राफ बढ़ाया। अब दो दिनों से आसमान में धुंध छाई रहने से लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। शनिवार को अचानक मौसम ने करवट बदली। कोहरा न होने के बावजूद सड़कों पर दूर तक धुंध छाई रही, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। आंखों में जलन व पानी आने की शिकायत रही।
रविवार को भी हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। आसमान में सुबह से धुंध छाई रही। इसके साथ ही कोहरे ने भी दस्तक दी। हाइवे पर कोहरा होने के कारण वाहन रेंगते नजर आए। दूसरे दिन भी लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। फिंजा में घुले प्रदूषण के बचने के लिए सुबह लोग अपने घरों से मास्क लगाकर निकले, फिर भी राहत नहीं मिली। परेशानी अधिक होने के कारण कई लोग चिकित्सकों से परामर्श लेने भी पहुंचे।
बाक्स--
रविवार को भी 300 से ऊपर रहा पीएम-10
सुहागनगरी में धुंध छाई रहने के कारण रविवार को लगातार दूसरे दिन प्रदूषण को मानक 300 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर से ऊपर ही रहा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डा. विश्वनाथ शर्मा का कहना है कि आसमान में धुंध छाई रहने के कारण प्रदूषण बढ़ा हुआ है। मौसम में नमी के कारण धुआं व धूल के कण हवा में ऊपर नहीं उठ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदूषण की वास्तविक स्थिति सोमवार को रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी।
सांस व ब्लड प्रेशर के मरीज बरतें सावधानी
वरिष्ठ हृदय रोग चिकित्सक डा. आरके पांडे कहते हैं कि दो दिन से मौसम में परिवर्तन हुआ है। मौसम में नमी व धुंध छाने के कारण सांस व ब्लड प्रेशर के मरीजों को खासी सावधानी बरतनी चाहिए। रात को कंबल व चादर ओढ़ कर सोयें। सुबह ठंडे पानी के स्थान पर गर्म पानी से नहायें। ठंडी वस्तुओं का सेवन न करें। प्रतिदिन समय पर दवा लें, जिससे बीमारी न बढ़े।