ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार, पथराव कर ट्रक के तोड़े शीशे
- फोटो : अमर उजाला
शिकोहाबाद-बटेश्वर मार्ग स्थित बाकलपुर भट्ठे के समीप ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध सहित युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। वहीं हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर मार्ग जाम कर दिया। पथराव कर ट्रक के शीशे तोड़ दिए गए। सूचना पर सीओ सिरसागंज के साथ कई थानाें का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत करा जाम खुलवाया।
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव सियारमऊ छोटी निवासी राकेश कुमार यादव (35) पुत्र मोहर सिंह यादव अपने फूफा वारंट सिंह यादव (60) पुत्र तेज सिंह यादव के साथ बालकपुर भट्ठे के समीप मार्ग किनारे खड़ा होकर बात कर रहा था। तभी बटेश्वर की ओर से बालू लेकर आ रहे ट्रक ने असंतुलित होकर राकेश और वारंट सिंह को अपनी जद में ले लिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना पर मृतकों के परिवारीजनों के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शिकोहाबाद बटेश्वर मार्ग पर जाम लगा दिया। पथराव कर ट्रक के शीशे तोड़ दिए गण्। इधर, हादसे की सूचना पर सीओ सिरसागंज के साथ थानाध्यक्ष नसीरपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ सिरसागंज ने आक्रोशित लोगों को समझाया कि आचार संहिता के कारण मुआवजे की घोषणा नहीं की जा सकती है। इस पर मृतकों के परिवारीजनों के साथ ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। नसीरपुर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ नसीरपुर का कहना है कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
मां को देखने गांव आया था राकेश
शवों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे राकेश के परिवारीजनों ने बताया कि राकेश कानपुर स्थित ब्रेड फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम करता है। उसके बच्चे गांव में रहते हैं। मां सुख देवी की तबीयत खराब होने के कारण वह रविवार शाम कानपुर से गांव आया था।