जसराना और अरांव ब्लाक में छिटपुट घटनाओं के बीच 66.94 प्रतिशत मतदान हुआ। उतरारा में एजेंटों में विवाद के बाद बाहर हवाई फायरिंग की गई। इससे दहशत फैल गई। सूचना पर डीएम एवं एसपी सहित कई थानों को फोर्स पहुंचा। ग्रामीणों को खदेड़ा गया और दो को हिरासत में लिया गया। वहीं पिथनपुर में सुबह ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार किया। कई बूथों पर फर्जी मतदान को लेकर झड़पें हो गई। फोर्स के पहुंचने के साथ स्थिति सामान्य हो गई।
तीसरे चरण में अरांव एवं जसराना ब्लाक में मतदान सुबह सात बजे से प्रारंभ हो गया। मतदान की गति सुबह तेज रही। नौ बजे तक दस प्रतिशत मतदान दोनों ब्लाकों में हो चुका था। डीएम विजय किरन आनंद, एसपी पीयूष श्रीवास्तव के साथ ही सीडीओ सुजीत कुमार एवं एएसपी ग्रामीण संजय सिंह, नगर मजिस्ट्रेट रवींद्र सिंह के साथ कई थानों के फोर्स के साथ मुस्तैद रहा। प्रशासन की टीमों की नजर संवेदनशील बूथों पर थी। डीएम एवं एसपी ने जसराना के झपारा एवं भेंड़ी बूथ पर काफी समय तक रहे। प्रत्याशियों के बस्तों पर जमा भीड़ को भी खदेड़ा गया। अरांव ब्लाक के पिड़सरा में भीड़ को काफी दूर तक दौड़ाया गया। कुंजपुर हवेली में खामी की सूचना पर अधिकारियों ने दौड़ लगाई। जाजूमई बूथ पर दो समर्थक आपस में विवाद हो गया। इसके कारण मतदान थोड़ी देर बाधित ही रहा। कुशियारी बूथ पर नगर मजिस्ट्रेट ने दस्तक दी। अरांव के पीथेपुर में खामी की सूचना पर टीम को भेजा। भारौल बूथ पर पीठासीन अधिकारी को धमकाने के मामले को डीएम ने काफी गंभीरता से लिया। वह काफी देर तक बूथ पर डेरा डाले रहे। पिड़सरा में भीड़ को दौड़ाया गया। उतरारा में अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे दो एजेंटों के विवाद के बाद बूथ के बाहर फायरिंग हो गई। फायरिंग होते ही बूथ पर मतदान रुक गया। डीएम एसपी के साथ एसडीएम व भारी पुलिस बल पहुंचा। ग्रामीणों को दूर तक खदेड़ा वहीं दो लोगों को हिरासत में ले लिया। डीएम ने पूरे गांव में खुद ही राउंड लिया। एसडीएम मतपेटिका को अपने साथ लेकर एलआर कालेज पहुंचे।
--------------------------------
किस ब्लाक में कितना हुआ मतदान
समय जसराना अरांव
नौ बजे 10.00 10.00 प्रतिशत
11 बजे 27.00 21.00 प्रतिशत
एक बजे 45.00 44.00 प्रतिशत
तीन बजे 59.00 55.00 प्रतिशत
पांच बजे 69.29 64.88 प्रतिशत
--------------------------------
--------------------------------
ब्लाक कुल मतदाता पड़े वोट
जसराना 95010 65870
अरांव 108078 70123
----------------------------------
कुल 203088 135993
----------------------------------
भोजन को पुलिस कर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत
जसराना थाने पर पुलिस फोर्स के भोजन की व्यवस्था का ही जिम्मा था। डीएम एवं एसपी का काफिला थाने पर पहुंचा वैसे ही भोजन की डिमांड बढ़ गई। एसडीएम जसराना अमित सिंह, सीओ शमशेर सिंह एवं नगर मजिस्ट्रेट रवींद्र सिंह के साथ सीओ सदर जगदीश सिंह सहित अन्य पुलिस फोर्स पहुंच गया। काफी संख्या में फोर्स के जवानों के आ जाने के कारण भोजन के पैकेट समाप्त हो गए। सुबह से निकले पुलिस कर्मी और पीएसी के जवान भूख के कारण व्याकुल थे। उन्हें भोजन के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिर बंद ताले के मध्य बीच से पूड़ियां एवं सब्जी के पैकेट लेने को विवश होना पड़ा।
मौका मिला तो कुछ पल कर लें आराम
डीएम एवं एसपी का काफिला जैसे ही जसराना थाने पर पहुंचा तो उनके साथ चल रहे फोर्स के कुछ बुजुर्ग जवानों ने पीपल के पेड़ की छांव में नींद आ गई। आखिर कई तो सो गए। आखिर जैसे ही डीएम एवं एसपी निकले तो फिर तुरंत ही साथियों ने जगाया और वह आगे बढ़े।