- स्टेशन रोड पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के समीप हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। मजदूरों का भुगतान करने जा रहे विद्युत विभाग के सरकारी ठेकेदार की कार से एक किशोर रुपयों से भरा हुआ बैग लेकर भाग निकला। पुलिस को तलाशी के दौरान खाली बैग सुभाष तिराहे के समीप से बरामद हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में सीसीटीवी खंगालने शुरु कर दिए हैं।
जनपद अलीगढ़ के थाना एटा चुंगी विकास नगर निवासी विजय चौधरी विद्युत विभाग में सरकारी ठेकेदार हैं। शनिवार को वह घर से अपनी कार में दो लाख रुपये लेकर मजदूरों का भुगतान करने के लिए हाईडिल जा रहे थे। कार लेकर जब वह सुबह सवा आठ बजे करीब स्टेशन रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस के समीप पहुंचे। तभी अचानक वह एक दुकान के सामने अपनी कार को छोड़कर नाश्ता करने चले गए। रुपयों एवं आवश्यक कागजातों से भरा बैग कार के अंदर रखा हुआ था। वह नाश्ता करके कार के पास वापस आए तो कार के अंदर बैग नहीं मिला। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल ही घटना की जानकारी इलाका पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जिसने सीसीटीवी खंगालने शुरु किये तो कुछ देर बाद ठेकेदार का बैग सुभाष तिराहे के समीप एक मोबाइल की दुकान के समीप रखा मिला। उसके अंदर कागजात तो मिल गए, लेकिन रुपये लेकर आरोपी भाग निकला था। सुभाष तिराहे के सीसीटीवी में एक 14 वर्षीय किशोर बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस आरोपी किशोर की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि एक किशोर कैमरे की नजर में आया है। उसकी तलाश की जा रही है।