फिरोजाबाद। विद्युत विभाग की राजस्व वसूली टीम को बृहस्पतिवार को थाना दक्षिण के नगला पचिया क्षेत्र में एक उपभोक्ता के भारी विरोध और हमले का सामना करना पड़ा। बकाया बिल के कारण कनेक्शन काटे जाने पर उपभोक्ता ने न सिर्फ टीम के साथ गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस मामले में थाना दक्षिण में उपभोक्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विद्युत विभाग की टीम, जिसमें टीजी-2 नरेंद्र कुमार, लाइनमैन संतोष कुमार और धर्मेंद्र कुमार शामिल थे, बृहस्पतिवार को राजस्व वसूली के लिए नगला पचिया पानी की टंकी के पास गई थी। उपभोक्ता दिनेश चंद्र पर करीब पांच हजार रुपये का विद्युत बिल बकाया था। टीम ने उपभोक्ता से बिल का भुगतान करने को कहा, जिस पर दिनेश चंद्र ने असहमति व्यक्त की। चूंकि बिल दो माह से अधिक बकाया था, टीम ने नियमानुसार पोल से कनेक्शन काट दिया। कनेक्शन काटे जाने से उपभोक्ता दिनेश चंद्र बुरी तरह भड़क गया। उसने तत्काल टीम के सदस्यों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब टीम वापस लौट रही थी, तभी दिनेश चंद्र ने उनका पीछा किया और रास्ते में टीम के साथ मारपीट की।
घटना के बाद हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस को बुलाया गया। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी दिनेश चंद्र जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया। विद्युत विभाग की टीम ने सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज और मारपीट के आरोप में थाना दक्षिण में दिनेश चंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है।