टूंडला के गदलपुरा में चोरी करके दौड़ाई टकराकर क्षतिग्रस्त हुई मैक्स गाड़ी
टूंडला। दिन-दहाड़े मैक्स पिकअप गाड़ी चोरी कर भाग रहा आरोपी गाड़ी सहित विद्युत खंभे से टकरा गया। इस बीच उसने एक बाइक को भी टक्कर मार दी। पीछा कर रहे ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया तथा मारपीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में हुए समझौते के बाद पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया।
घटना थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव गदलपुरा की है। क्षेत्रीय गांव ठार खूबी कसौंदी निवासी जितेंद्र वर्मा की गदलपुरा में परचूनी की दुकान है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे करीब दुकान पर बैठे थे। पास ही उनकी मैक्स पिकअप गाड़ी खड़ी थी। इस बीच वह दुकान से उठकर पानी लेने के लिए गए, तभी एक चोर उनकी दुकान में घुस गया और वहां रखी गाड़ी की चाभी को लेकर मैक्स पर पहुंच गया तथा वह गाड़ी को चोरी कर भागने लगा। जब दुकानदार ने दूर से यह देखा तो उसने शोर मचा दिया।
शोरगुल पर ग्रामीणों ने उसका पीछा किया। इस बीच गाड़ी भागने के प्रयास में उसने एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी, जिसमें वह बाल-बाल बचा। उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इस बीच वह संतुलन खो बैठा तथा अनियंत्रण गाड़ी विद्युत खंबे से जा टकरा। वह गाड़ी छोड़कर भाग पाता तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया तथा मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ब्रजेश कुमार निवासी गदलपुरा बताया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि दोनों पक्ष आसपास गांव के हैं और एक दूसरे से परिचित हैं। दोनों के बीच समझौता हो गया। कोई तहरीर नहीं दी गई है। ऐसे में आरोपी को छोड़ दिया गया।