पचोखरा में अराजक तत्वों ने ग्राम पंचायत चुनाव से महज एक दिन पूर्व क्षेत्र की फिजां खराब करने का प्रयास किया। अराजक तत्वों ने हनुमान जी की प्रतिमा को उखाड़कर फेंक दिया। शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से प्रतिमा स्थापित कराई।
थाना पचोखरा क्षेत्र के देवखेड़ा मार्ग पर गांव नगला गंगाराम के सामने पीपल के पेड़ के नीच हनुमानजी की प्रतिमा स्थापित हैं। यहां आसपास के श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने आते हैं। शुक्रवार सुबह ग्रामीण पहुंचे तो हनुमानजी की प्रतिमा उखड़ी पड़ी थी। देव प्रतिमा खंडित होते देख ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। घटना की जानकारी पर पचोखरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अराजक तत्वों की गिरफ्तारी और देव प्रतिमा स्थापित कराने की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने ग्रामीणों से तहरीर लेकर अराजक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करने के आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। ग्रामीणों ने चुनाव के मद्देनजर आपसी सहयोग से मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा कराने की तैयारी शुरू कर दी है। हंगामा करने वालों में रामवीर सिंह, अमित कुमार, जुगंेद्र सिंह, मनोज कुमार, प्रमोद कुमार, बाबूराम, गजराज सिंह, देवे¢द्र सिंह, अमित कुमार, विवेक कुमार, संतोष कुमार, रवि कुमार, शैलेश कुमार, चंद्र मोहन आदि मौजूद रहे। पचोखरा थानाध्यक्ष अमित यादव का कहना है कि ग्रामीणों की तहरीर पर अराजक तत्वों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। ग्रामीण स्वयं मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा करा रहे हैं। किसी भी सूरत में माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा।