- शिकायतकर्ता कृष्णा राजपूत की याचिका पर मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिला कारागार में बंदी जितेंद्र उर्फ करुआ की आत्महत्या मामले में उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए डीएम से विस्तृत आख्या तलब की है।
बीती 25 अक्तूबर को बंदी जितेंद्र उर्फ करुआ निवासी ग्राम सराय अकबरपुर, थाना सिरसागंज की आत्महत्या का मामला सामने आया था। इस संबंध में सेंट्रल दिल्ली के नई दिल्ली निवासी कृष्णा राजपूत द्वारा मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर राज्य मानवाधिकार आयोग ने जिला मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया है कि वह पूरे मामले की स्वयं जांच कराएं। आयोग ने निर्देश दिया है कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता को भी साथ जोड़ा जाए और सभी तथ्यों की पड़ताल कर आगामी 8 जनवरी 2027 तक आयोग को अपनी रिपोर्ट प्रेषित की जाए। इस मामले की अगली सुनवाई 11 जनवरी 2027 मुकर्रर की गई है।