उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने छह सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को भी धरना प्रदर्शन जारी रखा। मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए लेखपालों ने कहा शासनादेश जारी नहीं होने तक काम नहीं किया जाएगा। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ, अमीन संघ और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने आंदोलन को समर्थन किया है।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शैलेंद्र कुमार ने कहा कि विधायक, मंत्रियों के वेतन बढ़ोत्तरी में देर नहीं लगती लेकिन सरकार कर्मचारियों की बात सुनने को तैयार नहीं है। पूर्व जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि राजस्व परिषद ने मांगों को मान लिया लेकिन द्वेष भावना से शासनादेश जारी नहीं किया। उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रियल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष दौजीराम ने लेखपालों का समर्थन करते हुए कहा कि शासन को लेखपालों की मांगों को मानना चाहिए। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाह ने कहा कि हम सभी साथ हैं। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा कि आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। ब्रजेश उपाध्याय ने कहा कि हम मांगों को मनवाकर लौटेंगे। अमीन संघ के जिलाध्यक्ष सोबरन सिंह और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष लटूरी सिंह, विवेक यादव, विजेंद्र यादव ने विचार व्यक्त किए। संचालन योगेंद्र उपाध्याय ने किया। प्रदर्शन में सुखदेव सिहं, सुरेंद्र सिंह, केके भारद्वाज, खजान सिंह, सर्वेश कुमार, नेपाल सिंह, तहसील अध्यक्ष सिरसागंज उदयवीर सिंह, अशोक कुमार, विजेंद्र यादव, अवनीश यादव, विजेंद्र सोनी आदि शामिल रहे।