मक्खनपुर। नगर पंचायत मक्खनपुर के बिल्टीगढ़ बाईपास पुल के समीप स्थित मां कामाख्या देवी एवं खाटू श्याम मंदिर में हुई करीब छह लाख रुपये के आभूषणों की चोरी का राज एक माह बाद भी बरकरार है। घटना के खुलासे के लिए गठित पांच पुलिस टीमें लगातार जांच में जुटी हैं। मथुरा जिले तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बावजूद पुलिस अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। इससे श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
31 मई की रात चोरों ने मंदिर में धावा बोलकर खाटू श्याम बाबा के करीब छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने जल्द खुलासे का दावा करते हुए पांच टीमों का गठन किया था। टीमों ने आसपास के जिलों के साथ मथुरा तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों की तलाश की और कई लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है।