टूंडला। तहसील क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार ने क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन सड़कों के चौड़ीकरण होने से रेलवे स्टेशन आने वालों व किसानों को खासा लाभ मिलेगा।
प्रदेश के अनुसचिव अभिषेक कुमार गंगवार द्वारा ब्लॉक नारखी से बरतरा तक सात मीटर चौड़ीकरण एवं गाढ़ेघाट सेतु से भीकरनपुर होते हुए नियामतपुर तक सड़क के चौड़ीकरण के लिए धनराशि आवंटित कर दी है। यह स्वीकृति प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग, लखनऊ को जारी कर दी गई है। इस धनराशि से नारखी ब्लॉक मुख्यालय से बरतरा तक सड़क का सात मीटर चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य किया जाएगा। इस सड़क की लंबाई 5.730 किलोमीटर है। इस कार्य की लागात के लिए सात करोड़ 16 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इधर, थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गाढ़ेघाट (गार्डन) सेतु से भीकनपुर होते हुए नियामतपुर तक सड़क मार्ग की लंबाई 6.40 किलोमीटर है। इस कार्य के लिए नौ करोड़ 83 लाख लाख 17 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इन विकास कार्यों से क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति, उत्तर मध्य रेलवे के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने बताया कि इससे पूर्व पचोखरा–नारखी–बछगांव मार्ग (लंबाई 15 किमी) का सात मीटर चौड़ीकरण कार्य गत वर्ष ही पूर्ण किया जा चुका है। अब बरतरा तक सड़क चौड़ीकरण होने से यह मार्ग फिरोजाबाद–कोटला मार्ग से जुड़ जाएगा। जिससे स्थानीय जनता एवं रेल यात्रियों को टूंडला रेलवे स्टेशन तक आवागमन में बड़ी सुविधा प्राप्त होगी।