संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। अंधविश्वास एक बार फिर जान पर भारी पड़ता दिखाई दिया। थाना दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ला छोटी छपैटी में एक 65 वर्षीय वृद्ध ने इच्छापूर्ति के लिए प्राइवेट पार्ट्स में लोहे का छल्ला पहन लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। छल्ला फंसने से सूजन आने के साथ लघुशंका करने तक में दिक्कत होने लगी। स्थिति गंभीर होते देख परिजन उसे रविवार सुबह सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने काफी मशक्कत कर छल्ला निकालकर मरीज को राहत दिलाई।
थाना दक्षिण के मोहल्ला छोटी छपैटी निवासी वृद्ध स्टेशनरी की दुकान संचालित करता है। शनिवार को उसकी दुकान पर पहुंचे एक साधु ने उसे एक छल्ला दिया था। साधु की बातों में आकर वृद्ध ने छल्ला पहन लिया। रात भर दर्द तथा बेचैनी से वृद्ध परेशान रहा। रविवार सुबह इसकी जानकारी अपने बेटे को दी। बेटा उन्हें उपचार को सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंच गया। ईएमओ और सर्जन डॉ. आरपी सिंह के नेतृत्व में ओटी टेक्नीशियन कृष्णकांत,वीरेश, पुष्पेंद्र और संदीप ने मिलकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद फंसे लोहे के छल्ले को निकाला। चिकित्सक आरपी सिंह ने कहा कि अंधविश्वास में आकर कोई ऐसा काम नहीं करें जिससे जान पर बन आए। ऐसे लोगों से सावधान रहें।