नगर में रेलवे द्वारा आयोजित मंचीय रामलीला में दशरथ नंदन श्रीराम बारात लेकर जनक नंदिनी सीता को रविवार को ब्याहने पहुंचे। श्रीराम बारात का शुभारंभ मंडल रेल यातायात प्रबंधक के आवास से हुआ। यहां डीटीएम डा. शिवम शर्मा ने श्रीराम और गुरू वरिष्ठ और उनके भाइयों आदि के स्वरूपों के तिलक लगा व आरती उतारकर श्रीराम बरात को रवाना किया।
रेलवे की राम बारात नौ बजे करीब प्रारंभ हुई। यहां सबसे आगे मां काली का अखाड़ा, उसके पीछे गौरी पुत्र गणेश की सवारी थी। एक के पीछे एक लगी झांकियां सभी का मन मोह रही थी। झांकियों के पीछे भरत-शत्रुघ्न और अन्य का डोला तथा सबसे पीछे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का भव्य डोला चल रहा था। राम बरात के मार्ग में जगह-जगह तोरणद्वार बनाए गए थे। जगह-जगह पर लोगों ने श्रीराम की आरती उतारी। श्रीराम बरात अधिकारी विश्राम गृह से पश्चिमी रेलवे गेट, स्वरूप नगर, भूत चौराहा, धोबी घाट लाइन पार, नगला रामकिशन, नगला मस्जिद, अहाता शोभाराम पूर्वी रेलवे फाटक होते हुए ग्रेनशॉप रेस्ट कैंप रेलवे कालोनी, रेलवे हॉस्पिटल रोड, सेंट्रल रेाड, दीपा चौराहा होते हुए मंटा रोड कंपनी बाग, न्यू रेलवे कालोनी यज्ञशाला मंदिर, मनोरंजन केंद्र होते हुए कंपनी बाग मैदान के सामने दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर स्थित जनकपुरी पहुंचकर संपन्न हुई। यहां राजा जनक के स्वरूप में एमसी मिश्रा ने बरात का पुष्प वर्षाकर भव्य स्वागत किया। इसके बाद श्रीराम के विवाह की अन्य लीलाओं का मंचन किया गया। इस मौके पर एओएम आरपी सिंह, एईई ओपी पाठक, एडीईई ओपी पाठक, एडीईएन एएस संत, एमएस डा. केएल राज सिंघानियां, डा. अविनाश, डा. जितेंद्र चौहान, एपी गौतम, देवकी नंदन, एके मिश्रा, एके सिन्हा, एमसी मिश्रा, सुरेंद्र प्रकाश, एके लाल, किशोरी लाल, अनिल उपाध्याय, सुभाष शर्मा, शीलेंद्र कुमार, सुनील चौहान, यूनियन नेता सुभाष वर्मा, एमएच गौतम आदि उपस्थित थे।