मोहल्ला गढैया में जीएसटी की टीम जांच करते हुए।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद नगर में मंगलवार को दूसरे दिन भी जीएसटी विभाग टीम ने छापे की कार्रवाई जारी रखी। आाधा दर्जन दुकानों, ढाबों पर विभागीय अधिकारियों ने अभिलेख खंगाले।
सोमवार दोपहर 2 बजे के करीब जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर अमित कुमार, संतोष सिंह, सतीश कुमार और मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में रुकनपुर स्थित कपड़े की दो दुकानों पर कार्रवाई की थी। जिसमें एक दुकान में स्टॉक में कमी मिली और दूसरी जगह जीएसटी की चोरी पकड़ी गई। मंगलवार को भी जीएसटी विभाग के अधिकारी नगर में पहुंचे और लगभग आदा दर्जन दुकानों पर जांच की।
इसमें मसाला कारोबारी, ढाबा, कपड़ा कारोबारी शामिल हैं। रुकनपुरा और गढैया मोहल्ला में जांच की गई। इस संबंध में वाणिज्य कर अधिकारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि मंगलवार को कई दुकानों पर कार्रवाई की गई है। लेकिन इन में ज्यादा कमियां नहीं मिली हैं। जीएसटी चोरी की शिकायतों के आधार पर यह जांच की जा रही है। जो अभी आगे भी चल सकती है। छापे से रुकनपुरा, गढैया मोहल्ला और कटरा बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। मंगलवार को कई दुकानदारों ने दुकानें नहीं खोलीं।