भारत विकास परिषद प्रधान शाखा द्वारा नववर्ष के उपलक्ष्य में ‘ब्रज रास रंग’ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें मथुरा से आए ब्रज के कलाकारों ने शिव की महिमा के साथ राधा-कृष्ण की फूलों की होली पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ब्रज के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों का दर्शकों ने देर रात तक आनंद लिया।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि नरेंद्र प्रकाश मित्तल, बसंत गुप्ता, ललितेश अग्रवाल, जेपी गुप्ता, विशाल अग्रवाल, रमेशचंद्र अग्रवाल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल, योगेंद्र जैन और पुष्पेंद्र गोयल ने संयुक्त रूप से स्वामी विवेकानंद और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का चंदन और पीत दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। ब्रज के कलाकारों ने ‘ब्रज में सुंदर है एक नाम राधेरानी का, मुरली बारो बनौ है गुलाम राधे रानी का’ सुनाकर दर्शकों को आनंदित कर दिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों को सुनकर दर्शक राधेरानी व कन्हैया के जयकारे लगाने लगे। मथुरा से आए ब्रज के कलाकारों ने भगवान शंकर और पार्वती की झांकी के साथ ‘हे शिव शंकर मेरे भोलेनाथ तीनों लोक में तू ही तू....’ पर मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके बाद कलाकारों ने भगवान शंकर और राधा-कृष्ण के भक्तिपूर्ण गीतों पर प्रस्तुत दी। भक्तिपूर्ण कार्यक्रम का आनंद लेने को दर्शक देररात तक जमे रहे। केशवदत्त गुप्ता ने कहा कि भाविप एक ऐसा संगठन है, जो भारतीय संस्कृति को बनाए रखने के लिए तत्पर है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में पठानकोट में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया। अध्यक्षता विष्णु अग्रवाल और संचालन कृष्ण मुरारीलाल अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में पुष्पेंद्र गोयल, विष्णु अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, योगेंद्र जैन, अंबरीश गुप्ता, विपिन गुप्ता, गजेंद्र अग्रवाल, राजीव बंसल, कन्हैयालाल, विपिन अग्रवाल, शैलेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।