शिकोहाबाद। बुढ़रई रोड स्थित वंशी नगर में दंपती की हत्या में एक माह चार दिन बीतने के बावजूद हत्यारोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। पुलिस की एक टीम आगरा में लगातार पिछले एक माह से हत्यारोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस जल्द ही हत्यारोपी के पकड़े जाने का दावा कर रही है।
आवगंगा रोड बुढ़रई वंशीनगर निवासी मुन्नालाल (62) जिला पंचायत राज अधिकारी के यहां चालक के पद पर तैनात थे। वह पत्नी मिथलेश देवी (55) के साथ मकान के बराबर में पड़े खाली प्लॉट में मवेशियों की रखवाली के लिए सो रहे थे। 4 मार्च की रात को हमलावर ने दंपती पर हमला कर दिया था। जिसमें दंपती गंभीर रूप से घायल हुए थे। मुन्नालाल ने उपचार के दौरान गत 5 मार्च को दम तोड़ दिया था। जबकि कोमा में जा चुकीं मिथलेश देवी ने कुछ दिनों बाद दम तोड़ा था। पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का लगातार प्रयास कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए एक संदिग्ध हत्यारोपी की पुलिस तलाश भी कर रही है। पुलिस का दावा है कि हत्यारोपी घटना के दिन इस गली में आया था। इसके बाद वह शिकोहाबाद स्थित मैनपुरी चौराहे से ओमनी वैन में बैठकर आगरा के लिए रवाना हुआ था। पुलिस ने हत्यारोपी का फुटेज एवं वीडियो भी जारी किया है। पुलिस इसकी तलाश में आगरा तक जा पहुंची है। हत्याकांड के 34 दिन बीतने के बाद भी हत्यारोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है।
सीओ प्रवीण कुमार तिवारी का कहना है कि हत्यारोपी की तलाश में एक टीम आगरा में तैनात है। वह पिछले एक माह से आरोपी की तलाश कर रही है। जल्द ही हत्यारोपी पकड़ा जाएगा और हत्याकांड की गुत्थी सुलझेगी।