लोकतंत्र की सुरक्षा और जनतांत्रिक परंपराओं को संभालने के लिए आईजेएफ के अभियान को उपजा ने समर्थन दिया है। वहीं पत्रकारों के उत्पीड़न और शरारती तत्वों द्वारा किए जाने वाले हमलों के साथ पुलिस द्वारा किए जाने वाली अभद्रता को लेकर पत्रकारों ने आक्रोश जताते हुए मुख्यमंत्री के नाम डीएम को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। साथ ही पत्रकारों के जीवन एवं मान सम्मान की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग की।
उपजा प्रेस क्लब फीरोजाबाद के अध्यक्ष द्विजेेंद्र मोहन शर्मा ने कहा कि देश में प्रिंट मीडिया के बाद इलेक्ट्रानिक और सोशल मीडिया आदि का विस्तार हुआ है। ऐसे में संयुक्त मीडिया की स्वतंत्रता एवं नियमन के लिए मीडिया कांउसिल का गठन किए जाने की महती आवश्यकता है। ऐसे में मीडिया काउंसिल का गठन किया जाए। वर्तमान पत्रकारिता के स्वरूप कार्य संरक्षण पत्रकारों को कार्यदशा एवं जीवन स्तर आदि पर गंभीरता से विचार करने तथा पत्रकारिता एवं पत्रकारों के उन्नयन के लिए मीडिया आयोग के गठन की भी आवश्यकता है। मान्यता समिति का गठन वर्ष 2008 से लंबित है। विभिन्न उपक्रमों द्वारा निर्देश दिए जाने के बाद भी इसका गठन किया जाना संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसे में मान्यता समिति का जल्द गठन किया जाना चाहिए। इस दौरान राकेश शर्मा, उमाकांत पचौरी, अरविंद शर्मा, रविंद्र वर्मा, राजेश, निंकुज यादव, सुनील वशिष्ठ, श्रीकृष्ण चित्तौड़ी, राममोहन पैगोरिया, अशोक कुमार, जहीर खान, मुकेश मणिकांचन, अमित पाराशर, प्रशांत वशिष्ठ आदि मौजूद थे।