बुधवार दोपहर सड़क हादसे में घायल हुए युवक की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिवारीजनों ने स्वास्थ्य कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पीड़ित पक्ष का आरोप था कि उपचार के नाम पर स्टाफ उनसे रुपये की मांग कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए शव पीएम हाउस में रखवा दिया।
बुधवार दोपहर हाइवे पर ट्रक की टक्कर से घायल हुए विजय सिंह पुत्र रमेश चंद्र निवासी खिरतरा थाना मक्खनपुर को परिवारीजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। बुधवार रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों ने आपात कालीन विभाग में शव को रखते हुए हंगामा शुरु कर दिया। मृतक की मां का आरोप था कि उसके बेटे को उपचार देने के लिए रुपये की मांग की जा रही थी। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह रुपये नहीं दे सकी। इसके चलते किसी ने बेटे को उपचार नहीं दिया और उसको वार्ड एक में भर्ती कर दिया था। दस बजे करीब हालत बिगड़ने पर स्टाफ नर्स से भी कहा गया, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी। कोतवाल उत्तर का कहना है कि पीड़ित पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। यदि तहरीर आती है तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।