फिरोजाबाद। अमर उजाला फाउंडेशन के दोस्त पुलिस कार्यक्रम के अंतर्गत बृहस्पतिवार को एजी पब्लिक स्कूल, सुहागनगर की छात्राओं ने सिविल लाइन स्थित महिला थाने का भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को महिला थाने की कार्यप्रणाली, सुरक्षा से जुड़े कानूनों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
महिला थाना प्रभारी रीना चौधरी ने छात्राओं को थाने के पटल सहित कार्यप्रणाली की जानकारी दी। छात्राओं को पूरे थाने का भ्रमण कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आपात स्थिति में 112, महिलाओं की सहायता के लिए 1090 व 1091, बच्चों के लिए 1098 और साइबर अपराध से संबंधित शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है। साथ ही यह भी बताया कि इन नंबरों पर कॉल करने पर किस प्रकार तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
थान प्रभारी रीना ने छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करते समय सावधानी बरतें। व्यक्तिगत जानकारी, फोटो या ओटीपी साझा नहीं करें। किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी, धमकी या आपत्तिजनक संदेश मिलने पर तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दें।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा सूफी, मानवी यादव, मानवी कुमारी, गौरी और पूजा ने सवालों के सही उत्तर दिए। अमर उजाला ने इन सभी को पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया। स्कूल प्रबंधक सुनील राना ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन का दोस्त पुलिस कार्यक्रम छात्राओं को कानून, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम है।