एका। थाना एका क्षेत्र के गांव नगला कंहई में बृहस्पतिवार को एक किशोरी ने संदिग्ध परिस्थिति में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन शव का अंतिम संस्कार कर रहे थे। किसी ने पुलिस से शिकायत कर दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चिता से शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना एका क्षेत्र के गांव नगला कंहई में ओसपाल की 17 वर्ष की पुत्री प्रीति की फंदे पर लटकने से मौत हो गई। किशोरी की मौत के बाद परिजन पुलिस को बिना बताए ही शव को अंतिम संस्कार कर रहे थे। इसी दौरान गांव के चौकीदार सतीश चंद्र ने पुलिस को किशोरी की मौत की सूचना दे दी। गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मौत की जानकारी मिलने पर थाना से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। इस दौरान चिता से शव को निकलवा लिया। वहीं परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया लेकिन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मामले को लेकर ऑनर किलिंग की भी चर्चा रही। चर्चा है कि परिजन किसी बात को लेकर उसका विरोध कर रहे थे। सीओ अमरीश कुमार सिंह ने कहा किशोरी के फंदे पर लटकने से मौत होने की जानकारी पर पुलिस पहुंची थी। चिता से शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। ऑनर किलिंग जैसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है।