राजा के ताल स्थित हाईवे से गुजरता कैला मईया के भक्तों का जत्था। संवाद
- फोटो : राजा के ताल स्थित हाईवे से गुजरता कैला मईया के भक्तों का जत्था। संवाद
फिरोजाबाद। राजस्थान के करौली स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ कैला देवी के दर्शनों के लिए पदयात्रियों का उत्साह चरम पर है। जैसे-जैसे चैत्र नवरात्रि नजदीक आ रहे हैं, पदयात्रियों की संख्या में भारी इजाफा हो रहा है। दिन में चिलचिलाती धूप और गर्मी के कारण श्रद्धालु अब रात के समय अपनी यात्रा को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिसके कारण सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।
पदयात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि शहर के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। हाईवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर पदयात्रियों के लिए एक अलग सुरक्षित लेन बनाई जाएगी, ताकि वे वाहनों की चपेट में आने से बच सकें।
भारी वाहनों का बदलेगा रूट
क्षेत्राधिकारी शहर प्रवीण कुमार तिवारी ने आदेश दिया है कि यदि सड़कों पर श्रद्धालुओं की संख्या बहुत अधिक हो जाती है, तो भारी वाहनों (बस, ट्रक, ट्राला आदि) को तत्काल रोक दिया जाए। इन वाहनों को मुख्य मार्गों के बजाय वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पदयात्रा के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।
सड़कों पर रहे पुलिस की गश्त
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस को रात भर सड़कों पर गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से उन संवेदनशील पॉइंट्स पर जहां अंधेरा अधिक रहता है या सड़कें संकरी हैं, वहां पुलिस पिकेट की तैनाती रहेगी। सीओ सिटी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।