जसराना। थाना क्षेत्र के एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर बुधवार तड़के भेड-बकरियों से लदा कैंटर पलट गया। चालक को झपकी आने के कारण हुए इस हादसे में कैंटर में लदी 40 भेड और बकरियां मौके पर ही मर गईं।
यह घटना थाना जसराना क्षेत्र के अंतर्गत खडीत पुल के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुई। जसराना के गांव खडीत निवासी चालक सूरजपाल, मथुरा से कुल 75 भेंड एवं बकरियों को लादकर जसराना होते हुए एटा जा रहा था।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय के अनुसार, अलसुबह होने के कारण चालक को अचानक नींद का झोंका आ गया, जिससे कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक सूरजपाल को कैंटर से सकुशल बाहर निकाल लिया। हालांकि, पशुधन की भारी क्षति हुई है। हादसे में चालीस भेंड-बकरी की मौत हो गई है, जबकि अन्य सुरक्षित हैं।