फिरोजाबाद। जनता की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ डीएम ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। आईजीआरएस पोर्टल और हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में फिसड्डी साबित हो रहे विभागों को डीएम ने अंतिम चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आगामी माह में किसी भी अधिकारी की लापरवाही से शिकायत डिफाल्टर श्रेणी में आई, तो संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान डीएम संतोष कुमार शर्मा ने आईजीआरएस पोर्टल पर जनपद की स्थिति का जायजा लिया। समीक्षा में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि शिकायतों के निस्तारण में फिरोजाबाद प्रदेश में 36वें स्थान पर खिसक गया है। इस गिरावट का मुख्य कारण कुछ विभागों द्वारा शिकायतों को लंबित रखना और समय सीमा बीत जाने के बाद भी निस्तारण न करना है। डीएम ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार निर्देश के बावजूद अपेक्षित सुधार न होना शासन स्तर पर जनपद की छवि को धूमिल कर रहा है। किसी भी स्तर पर बरती जाने वाली शिथिलता अक्षम्य होगी। सभी विभाग अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाएं और डिफाल्टर मामलों की संख्या को शून्य पर लाएं।