फिरोजाबाद। परिषदीय विद्यालयों के कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थियों को नई किताबों के लिए इस बार इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अप्रैल में नया शैक्षिक सत्र शुरू होने के पहले दिन से ही विद्यार्थियों को किताबें दे दी जाएंगी। इसके लिए जिले को 3 लाख से अधिक किताबें मिल चुकी हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडेय ने बताया कि वर्तमान में 1,827 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इसके अलावा बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग से सहायता प्राप्त और अन्य विद्यालय भी हैं। इनमें करीब 1.42 लाख विद्यार्थी नामांकित हैं। इनको निशुल्क किताबें उपलब्ध कराई जाती हैं। प्रवेश प्रक्रिया एक अप्रैल से शुरू होने वाली है। नए शैक्षिक सत्र में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए समय पर किताबें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिले को 3 लाख से अधिक किताब मिल गई हैं। विभाग इनका सत्यापन करा रहा है। जल्द ही किताबें बीआरसी पर पहुंच जाएंगी। यहां से उन्हें स्कूलों में भेजा जाएगा।