टूंडला। फीरोजाबाद हाईवे पर गुरुवार सुबह ट्रक में पीछे से घुसे स्कूटी सवार युवक और युवती दूर तक घिसटते चले गए। इसके चलते दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गयी। वहीं गंभीर हालत में युवती को आगरा स्थिति अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में मृतक युवक के भाई ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आगरा के लोहामंडी निवासी रोहित पुत्र सूरजभान एक युवती निवासी आगरा के साथ अपनी स्कूटी से फीरोजाबाद की ओर जा रहे थे। टूंडला फ्लाईओवर पर सीएचसी के समीप स्कूटी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस दौरान स्कूटी ट्रक में फंस गई तथा रोहित काफी दूर तक ट्रक के साथ घिसटता चला गया। जब तक ट्रक चालक ने ट्रक रोका तब तक रोहित और युवती घायल हो चुुके थे। ट्रक चालक ने स्कूटी को ट्रक से बाहर निकाला और ट्रक लेकर भाग गया। सड़क पर युवक-युवती को घायलावस्था में देख राहगीरों ने थाना पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक और युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां रोहित ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवती की हालत खराब होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया है। जानकारी पर मृतक रोहित के भाई राहुल ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। राहुल ने बताया कि युवती उसके भाई रोहित की मंगेतर है। दोनों की अगले महीने शादी होने वाली थी। वे उसायनी स्थित वैष्णो धाम मंदिर पर दर्शन करने जा रहे थे। हालांकि राहुल ने तहरीर में कहीं भी युवती के नाम का जिक्र नहीं किया है।