चावल की बोरियों के नीचे दबकर मजदूर की मौत
- फोटो : अमर उजाला
ट्रक में चावल की बोरियां लाद रहा पल्लेदार हादसे का शिकार हो गया। एफसीआई गोदाम में बोरियां गिरने से उनके नीचे दबकर उसकी मौत हो गई। इससे अन्य पल्लेदारों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना पर मृतक के परिवारीजन आ गए। उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। एक घंटे तक शव नहीं उठने दिया। बाद में ठेकेदार के आने पर मामला शांत हुआ।
नारखी थाना क्षेत्र के गांव नगला उदी निवासी राजकुमार (30) जलेसर रोड स्थित एफसीआई गोदाम में पल्लेदारी करता था। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वह अन्य पल्लेदारों के साथ गोदाम में रखी चावल की बोरियों को ट्रक में लाद रहा था। तभी गोदाम में रखी बोरियां उसके ऊपर गिर गईं। इससे वह बोरियों के नीचे दब कर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी पल्लेदार राजकुमार को बोरियों के नीचे से निकाल कर एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाने लग तभी उसकी मौत हो गई। सूचना पर परिवारीजनों के साथ ब्रह्मदेव पुलिस चौकी का फोर्स मौके पर पहुुंच गया। पुलिस शव को कब्जे में लेती तभी परिवारीजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने मुआवजे की मांग की। करीब एक घंटे तक शव नहीं उठने दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने ठेकेदार को सूचना दी। ठेकेदार ने राजकुमार के परिवारीजनों को आर्थिक मदद का आश्वासन दिया तब जाकर मामला शांत हुआ।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राजकुमार अपने पीछे दो साल की बेटी ज्योति और पांच माह के बेटे शिव कुमार के साथ पत्नी गीता को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। राजकुमार तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि दूसरे नंबर का रुकमपाल तो तीसरे नंबर का देवेंद्र है। पिता बुजुर्ग होने के कारण घर पर ही रहते हैं।