टूंडला। केनरा बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए एक युवक का कार्ड बदलकर शातिर ने 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित युवक ने अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
शहर के निहालकुंज निवासी राघव मंगलवार सुबह सवा नौ बजे स्टेशन रोड स्थित केनरा बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। जब एटीएम से रुपये नहीं निकले तो बाहर खड़े एक युवक ने मदद करने के बहाने उनका कार्ड बदल लिया। इधर, रुपये न निकलने पर वह घर वापस लौट गए। करीब आधे घंटे बाद उनके मोबाइल पर 50 हजार रुपये निकाले जाने के एक के बाद एक तीन मैसेज आए तो उनके होश उड़ गए। वैष्णोधाम मंदिर उसायनी के निकट स्थित एटीएम बूथ से तीन बार में 50 हजार रुपये निकाले गए थे।
तब उन्होंने तत्काल बैंक जाकर कार्ड ब्लॉक कराया। पीड़ित ने बताया कि उनके पिता ट्रक चलाते हैं। मंगलवार को ऋण की किस्त कटनी थी। इसके लिए सुबह ही 50 हजार रुपये खाते में पिता ने डलवाए थे। मामले में थाना प्रभारी अंजीश कुमार का कहना है कि एटीएम पर लगे कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। शातिर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।