फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में हाईवे पर घुनपई के पास 30 सितंबर 2025 को कैश प्रबंधन का काम करने वाली गुजरात की जीके कंपनी के कर्मी से हुई दो करोड़ की लूट में पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट का कोर्ट ने मंगलवार को संज्ञान लिया है। पुलिस ने 80 दिनों के भीतर 8 अभियुक्तों के खिलाफ 1560 पन्नों की चार्जशीट (आरोप पत्र) न्यायालय में दाखिल की है।
एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि 30 सितंबर 2025 को थाना मक्खनपुर क्षेत्र के ग्राम घुनपई के पास हाईवे बाईपास पर जीके कंपनी की गाड़ी को रोककर बदमाशों ने गुजरात के एक व्यापारी से 2 करोड़ रुपये लूट लिए थे। इस वारदात का मुख्य आरोपी अलीगढ़ का पंकज पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो चुका है। दो पुलिसकर्मियों सहित अन्य आठ आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में पुलिस ने लूटी गई रकम में से 1,78,07,210 रुपये कैश बरामद किए जाने का उल्लेख किया है। इसके अलावा लूट के पैसों से खरीदी गई एक नई होंडा शाइन मोटरसाइकिल, एक आईफोन, एक ब्रेसलेट और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो व फॉर्च्यूनर गाड़ियों का भी उल्लेख किया है। पुलिस ने चार्जशीट में गवाहों के बयान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और बरामदगी के पुख्ता सबूत शामिल किए हैं।