फोटो 26शहर के एक कारखाने में रखा चूड़ी स्टॉक । संवाद
फिरोजाबाद। सर्दी के कारण चूड़ी कारोबार की रफ्तार थम गई है। जुड़ाई कार्य प्रभावित होने से कांच चूड़ी कारखानों में सादा माल का स्टॉक बढ़ने लगा है। स्टॉक नियंत्रित करने को कई कारखानों में शिफ्ट कम करने को मंथन शुरू कर दिया है।
औद्योगिक आस्थान नगला भाऊ, स्टेशन रोड और जाटवपुरी क्षेत्र में संचालित कांच चूड़ी कारखानों में सादा चूड़ी का स्टॉक बढ़ने लगा है। कारखानेदारों के अनुसार पौष माह में कारोबारी गतिविधियां सुस्त हो जाती हैं। ऐसे में दो या तीन शिफ्ट में काम चलाना संभव नहीं हो पा रहा है।
शादी-साहलग के अभाव में कारोबार सुस्त
कारोबारियों की माने तो पौष माह में शादी-मांगलिक कार्यक्रमों पर ब्रेक लग जाते हैं। यही कारण है कि इन दिनों सुहाग की प्रतीक चूड़ी की बिक्री कम हो जाती है।
पौष माह में चूड़ी बिक्री कम होती है।इसका असर उत्पादन प्रक्रिया पर पड़ता है। सर्दी के दिनों में चूड़ी की जुड़ाई के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। - बिन्नी मित्तल, मैसर्स श्रीनाथ ग्लास वर्क्स
ज्यादा स्टॉक जमा हुआ तो एक शिफ्ट में काम चलाना मजबूरी होगी। चूड़ी जुडाई की रफ्तार कम हो गई है। ज्यादा स्टॉक करना भी समझदारी से परे हैं। - संजय जैन घंटू, न्यू जैन ग्लास वर्क्स