सदर बाजार में घंटाघर स्थल पर इंटर लाकिंग लगाने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर नायब तहसीलदार
- फोटो : सदर बाजार में घंटाघर स्थल पर इंटर लाकिंग लगाने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते व्यापारी। स्रोत स्वयं
फिरोजाबाद। शहर की पहचान घंटाघर के पुनर्निर्माण की मांग एवं उसकी विवादित भूमि पर एक व्यापारी द्वारा इंटरलॉकिंग कराए जाने के आरोप लगाते हुए भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने घंटाघर पर धरना-प्रदर्शन कर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। नायब तहसीलदार सदर शिवम शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष प्रशांत माहेश्वरी ने कहा कि घंटाघर हटाए जाने के बाद आज तक मूल स्थान पर पुनर्निर्माण नहीं कराया गया है। विवादित भूमि पर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया है। एक रेस्तरां संचालक द्वारा स्वयं उच्च न्यायालय में रिट दायर की है और यह मामला विचाराधीन है, तो कार्य नहीं कराना चाहिए था। रेस्तरां निर्माण को लेकर विकास प्राधिकरण में शिकायतें की गई। बार-बार नोटिस जारी होने के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। निर्माण के लिए स्वीकृत मानचित्र एवं अनुमतियों की जांच हो। अगर, 48 घंटे के अंदर वैधानिक कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय उद्योग व्यापार मंडल बाजार बंद कर जन आंदोलन करेगा। इस दौरान धरनास्थल पर राम यादव, युवा जिलाध्यक्ष गुड्डा पहलवान, घंटाघर बाजार कमेटी के अध्यक्ष कमल जैन, श्री महाराजा अग्रसेन जयंती समिति के पूर्व अध्यक्ष उदित गर्ग, छोटा चौराहा कमेटी अध्यक्ष राज प्रकाश गुप्ता, भारत गोयल, आतिश गुप्ता, कल्लू वर्मा, सुरेंद्र अग्रवाल, प्रभाकर वर्मा, प्रदीप जैन आदि मौजूद रहे।