सुहाग की लंबी उम्र और कुशलता के लिए रखा जाने वाला व्रत करवाचौथ 30 अक्तूबर को मनाया जाएगा। महिलाओं ने करवाचौथ की तैयारियां तेज कर दी है। बाजार में भी करवाचौथ की रौनक नजर आने लगी है। शहर के प्रमुख बाजारों में रविवार के चलते भीड़भाड रही। कई स्थानों पर करवाचौथ की खरीदारी को लेकर विशेष प्रदर्शनी लगी। शहर के ज्वैलरी शॉप से लेकर, कपड़े और मेकअप सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी।
विवाहित महिलाओं के सबसे बड़े पर्व ‘करवाचौथ’ के लिए बाजार सज चुके हैं। महिलाओं को आकर्षित करने के लिए रंग-बिरंगी चूड़ियां और सोलह शृंगार का सामान बाजारों में उपलब्ध है। बड़ी संख्या में महिलाएं खरीदारी करने में जुट गई हैं। रंग-बिरंगी चूड़ियों और शृंगार की अन्य सामग्री के लिए बाजार में खूब भीड़ देखी जा रही है। रविवार को बाजार में शृंगार की सामग्री, कपड़े और उपहार के साथ पूजा के लिए करवा और दीपक की खरीदारी की। व्रत पर नई साड़ी पहनने की परंपरा के कारण ज्यादातर सुहागिनों ने नई साड़ी और उसके एसेसरीज की खरीदारी की।
कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक फीरोजाबाद की चूड़ियों की धूम
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। महिलाओं के शृंगार में चार-चांद लगाने वाली चूड़ियां भी इन दिनों अलग-अलग किस्म व डिजाइन में उपलब्ध हैं। फीरोजाबाद की कांच की चूड़ी कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर, जम्मू, हरियाणा, महाराष्ट्र में तक धूम मचा रही है।
सजने के लिए पार्लर की ओर भी बढ़ रहे कदम
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। करवाचौथ के पर्व पर सबसे सुंदर दिखने की महिलाओं की ख्वाहिश इस त्योहार को और भी महत्वपूर्ण बना देती है। करवाचौथ में मेकअप अपनी अहम भूमिका निभाता है। यही कारण है कि शहर के ब्यूटी पार्लर में भी करवाचौथ और इसकी पूर्व संध्या पर मेकअप और अन्य ब्यूटी टिप्स करवाने वालों की विशेष बुकिंग है। शास्त्री मार्केट स्थित ब्यूटी पार्लर की मालिक हेमा बेहरवानी के अनुसार, करवाचौथ के लिए उनके पास दर्जनों एडवांस बुकिंग है