शिकोहाबाद। पुलिस कस्टडी रिमांड पर आए कुलाधिपति एवं रजिस्ट्रार से शिकोहाबाद पुलिस ने दोनों केस से सम्बन्धित पूछताछ की। पुलिस ने दोनों ही आरोपियों को यूनिवर्सिटी ले जाकर भी पूछताछ की है। पुलिस को केस से संबधित कुछ रिकॉर्ड यूनिवर्सिटी से लेकर कुलाधिपति ने दिए हैं। पुलिस अब आगे की जांच कर रही है। शिकोहाबाद पुलिस आज कुलाधिपति एवं रजिस्ट्रार को लेकर जयपुर रवाना हो गई।
जेएस यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सुकेश यादव एवं रजिस्ट्रार नंदन मिश्रा के अलावा डॉ. पीएस यादव, गौरव यादव, उमेश मिश्रा समेत अन्य स्टाफ के खिलाफ थाना शिकोहाबाद में दो केस दर्ज हैं। न्यायालय से दो दिन की रिमांड मिलने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों आरोपियों को लेकर यूनिवर्सिटी पहुंची। जहां पुलिस ने केस से संबंधित यूनिवर्सिटी के एग्रीकल्चर, बीटेक-पॉलीटेक्निक विषय के कुछ कागजात मांगे थे। कुलाधिपति ने यूनिवर्सिटी पहुंचकर पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। इसके अलावा पुलिस ने कई सवाल भी बनाए थे। उनमें से कुछ सवालों के जवाब आरोपियों ने पुलिस को दिए हैं। सात सवालों के जवाब पुलिस को अभी नहीं मिल सके हैं। ऐसे में पुलिस ने यूनिवर्सिटी से कागजात बरामद करने के बाद विवेचना को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। पूछताछ करने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों को जयपुर जेल के लिए शिकोहाबाद पुलिस के साथ रवाना कर दिया गया।
हमने कई सवाल तैयार किए थे। जिनमें से कुछ सवालों के जवाब मिले हैं। इसके अलावा यूनिवर्सिटी से भी केस से संबंधित कुछ कागजात कुलाधिपति ने पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस टीम इन्हें अपनी विवेचना में शामिल करके आगे की कार्रवाई करेगी। - प्रवीण कुमार तिवारी, सीओ, शिकोहाबाद