लाइनपार क्षेत्र के मीरा चौराहा के समीप नाले स्थित नाले में मंगलवार को श्रमिक का शव मिला। जानकारी पर पहुंचे परिवारीजनोें ने फैक्ट्री मालिक पर हत्या का आरोप लगाते हुए कारखाने पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस के साथ श्रम अधिकारी भी पहुंचे। काफी देर चली वार्ता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
गांव उसायनी निवासी राजेश बघेल (25) राजा का ताल स्थित एक फैक्ट्री में फिटर के पद पर काम करता था। सोमवार शाम करीब चार बजे वह काम पर आने के बाद घर लौटकर नहीं गया। मंगलवार सुबह करीब दस बजे श्रमिक मीरा चौराहा के समीप से गुजरे तो उनकी निगाह नाले में पड़े युवक के शव पर गई। शव राजेश बघेल का था। कारीगरों ने सूचना मृतक के परिवारीजनों को दी। पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक परिवारीजन आ गए और नाले से युवक का शव निकालकर कारखाने में ले गए। फैक्ट्री मालिक पर हत्या का आरोप लगाया।
सूचना पर फैक्ट्री मालिक, सीओ सदर जगदीश सिंह, एएलसी के साथ कोतवाल लाइनपार और दक्षिण पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। श्रमिक नेता भूरी सिंह, सीओ सदर जगदीश सिंह की मौजूदगी में परिवारीजनों और फैक्ट्री मालिक के बीच वार्ता चली। इसके बाद मामला शांत हो गया। कोतवाल लाइनपार ने बताया कि फैक्टरी मालिक ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया है। शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। समझौता होने के कारण पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है।