सिरसागंज गांव कपरावली के समीप रेलवे ट्रैक किनारे दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची सिरसागंज पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पड़े बैग में मिले मोबाइल नंबर पर पुलिस ने सूचना दी। इस पर पीड़ित परिवारीजनों ने मृतकों की प्रारंभिक शिनाख्त चाचा-भतीजे के रूप में की।
गांव कपरावली के ग्रामीण मंगलवार को रेलवे ट्रैक के समीप से गुजरे तो उन्हें ट्रैक किनारे दो युवकों के शव पड़े मिले। सूचना पर सिरसागंज थानाध्यक्ष और अरांव चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेज दिया।
उधर, पुलिस ने घटनास्थल से एक बैग बरामद किया। बैग की तलाशी के दौरान पुलिस को एक मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ। नंबर पर पुलिस ने संपर्क साधा तो मृतकों की शिनाख्त चेतराम पुत्र कुसियाराम निवासी धोवली पाली थाना डबरा जहांगीरपुर छापा छत्तीसगढ़ और उसके भतीजे प्रेमपाल पुत्र चौकीदार के रूप में की। थानाध्यक्ष सिरसागंज का कहना है कि जिस नंबर के आधार पर मृतकों की शिनाख्त की गई थी, वह मृतक चेतराम की बेटी जलेश्वरी देवी का था।
जलेश्वरी देवी ने बताया कि पिता अपने भतीजे के साथ आगरा स्थित भट्ठे पर काम करते थे। वह कालिंदी एक्सप्रेस से घर आ रहे थे। परिवारीजनों के आने पर शवों के पोस्टमार्टम कराकर उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण दोनों लटक कर जा रहे हों और गिर पड़े हों।