आईबी द्वारा आतंकी हमले की आशंका के बाद जिले में पुलिस और रेलवे प्रशासन अलर्ट दिखा। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों ने जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया। यात्रियों के सामान की जांच की और उन्हें सुरक्षित यातायात की जानकारी दी। ट्रेन में संदिग्ध वस्तु अथवा बाक्स को न छूने और पुलिस को तत्काल बताने की अपील की।
शहर में कुछ प्रमुख चौराहों और रेलवे स्टेशन पर रविवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी पुलिस फोर्स द्वारा चेकिंग के चलते यात्रियों में हड़कंप मच गया। नववर्ष की खुशियों में खलल डालने की आतंकी धमकी को आईबी और पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए अलर्ट जारी किया। जिले भर के साथ रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के साथ सार्वजनिक स्थान और अन्य प्रमुख स्थलों पर चेकिंग की गई। जीआरपी और आरपीएफ ने नीलांचल एक्सप्रेस, कालका, मुरी, गोमती, महानंदा जैसी प्रमुख ट्रेनों की एसी कोच को भी चेक किया। वहीं फीरोजाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों के सामान को चेक किया। संदिग्धों से पूछताछ की। वहीं रेलवे स्टेशन पर बने साइकिल स्टैंड पर खड़े वाहनों को भी चेक किया गया।