धूप से बचपने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलती युवतियां। संवाद।
फिरोजाबाद। एक सप्ताह की राहत के बाद फिरोजाबाद में पारा फिर तेजी से चढ़ रहा है। जिससे भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। शनिवार को सुबह से ही निकली तेज धूप की तपिश ने शहरवासियों को झुलसा दिया। दिन भर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी से पसीने से तरबतर लोग लगातार छांव की तलाश में भटकते रहे।
शनिवार की सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा, और जैसे-जैसे दिन चढ़ा, तपिश और तापमान में लगातार वृद्धि होती गई। दोपहर होते-होते तो घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। शहर के मुख्य बाजार जैसे शास्त्री मार्केट, छिंगामल का बाग, सदर बाजार और जलेसर रोड क्षेत्र में दोपहर के समय सड़कें पूरी तरह से सूनी रहीं।
जो लोग किसी मजबूरीवश बाहर निकले।
लू और डिहाइड्रेशन के मामले बढ़े
इस भीषण उमस और गर्मी का सबसे बुरा असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। सीएमएस डॉ. नवीन जैन ने बताया कि इन दिनों लू लगने, डिहाइड्रेशन और चक्कर आने की शिकायतें तेजी से बढ़ी हैं। जिला अस्पताल और निजी नर्सिंग होम में रोजाना ऐसे दर्जनों मरीज पहुंच रहे हैं, जिन्हें तेज धूप में बाहर निकलने या शरीर में पानी की कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो रही हैं।
तापमान में वृद्धि जारी, बारिश का इंतजार
शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप ने बारिश की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। मौसम विभाग ने रविवार को भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है, जिससे इस सप्ताह गर्मी का प्रकोप बढ़ने का अनुमान है।