राजस्व वसूली की कार्रवाई के दौरान उसायनी स्थित भाजपा नेता के भाई के एक
वाहन शोरूम पर तहसील की टीम से अभद्रता कर दी गई। यहां गनर ने टीम पर राइफल
तान दी। इससे हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने दो लोगों को पकड़ कर
राजस्व हवालात में बंद कर दिया। वहीं घटना के संबंध में थाना टूंडला में
एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
डीएम विजय किरन आनंद के निर्देश पर शनिवार
को तहसील प्रशासन ने राजस्व वसूली के लिए अलग-अलग टीमें क्षेत्र में दौड़ा
दी। एसडीएम सदर रविंद्र कुमार मांदड के नेतृत्व में टीम उसायनी स्थित
भाजपा नेता लक्ष्मीनरायन यादव के भाई की ओपी एंड जेपी कंपनी पर पहुंची।
जेपी यादव पर 6.40 लाख रुपये बकाया है। एसडीएम सदर रविंद्र कुमार मादंड़ ने
बताया कि राजस्व वसूली की टीम से कंपनी पर मौजूद लोगों ने अभद्रता कर दी।
वहीं कंपनी पर तैनत गनर पुष्पेंद्र पुत्र विष्णु दयाल निवासी एका ने टीम पर
राइफल तान दी। एसडीएम के निर्देश पर तत्काल गनर पुष्पेंद्र और जेपी यादव
को पकड़ लिया। दोनों को तहसील में राजस्व हवालात में बंद कर दिया।
घटना के
बाद तहसील में भाजपा नेताओं सहित बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। मामले
में तहसील में काफी देर तक एसडीएम और भाजपा नेता लक्ष्मीनरायन यादव, ओपी
यादव के बीच बातचीत हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसील में काफी
फोर्स तैनात किया गया है। एसडीएम ने बताया कि पांच लाख रुपये जमा कराया गया
है। टीम पर राइफल तानने वाले गनर पुष्पेंद्र को जेल भेज दिया गया है। साथ
ही उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।
मामले की थाना टूंडला में एफआईआर
दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली का अभियान लगातार जारी
रहेगा। वहीं चेतावनी दी यदि किसी व्यक्ति द्वारा टीम के साथ अभद्रता करने
का प्रयास किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वार्ता के समय सीओ सिटी
राजेश चौधरी, तहसीलदार जीतसिंह राय, नायाब तहसीलदार एन.राम व अन्य मौजूद
थे।
इससे पहले तहसील की टीम कोटला मोहल्ला में अनवर हुसैन के यहां
पहुंची। अनवर हुसैन पर 8.50 लाख रुपये बकाया था। बकायेदार के न मिलने पर
टीम ने बकायेदार की स्कूटी जब्त कर ली। टीम ने मुन्नालाल से 1.50 लाख,
नेत्रपाल पर स्टांप का 59 हजार राजस्व वसूले। अनेक सिंह पुत्र राजाराम
निवासी पुरुषोत्तम नगर पर 4.30 बैंक का देय था, उसे पकड़कर राजस्व हवालात
में बंद कर दिया गया।