घड़ी की सुइयां 11.42 पर थीं। अचानक भूमि में कंपन सा महसूस हुआ।
किसी की कुर्सी हिली तो किसी को लगा कि कहीं चक्कर तो नहीं आ गए। जनपद
न्यायालय से वरिष्ठ अधिवक्ता धर्म सिंह यादव ने काल की बोले हैलो न्यायालय
के बोर्ड हिल रहे हैं। विकास भवन से राधेश्याम बोले हैलो भूकंप आया पता
चला, विकास भवन का स्टाफ बाहर आ गया है। कश्मीरी गेट पर धरती हिली है क्या।
मोहम्मद गंज से जावेद उमर ने पूछा क्या धरती हिली, मुझे ऐसा लगा भूकंप आया
हो। लेबर कालोनी से कौशल किशोर बॉबी अरे यह क्या हुआ आज तो धरती हिल गई।
दुकानदार बाहर आ गए। बजरिया के पंकज गुप्ता बोले दुकान पर रखा सामान गिर
गया। हरिओम निवासी मक्खनपुर ने कहा यहां धरती हिली है लोग मकानों से ही
बाहर आ गए हैं। कुछ यही आलम पूरे जिले का था। सदर बाजार हो या अन्य बाजार
सभी जगह दुकानदार बाहर निकल आए। जलनिगम कार्यालय व एचडीएफसी बैंक का स्टाफ
झटके महसूस होते ही बाहर की ओर भागा। यह नजारा शहर के कई हिस्सों में देखने
को मिला। टूंडला में कांग्रेस नेता प्रेमचंद्र शास्त्री की टीवी गिर गई
वहीं नगला बीच में दीवार चटक गई। मोहल्ला दुली में चूड़ी के तोड़े गिरकर
टूट गए।
ग्रामीण अंचल में महसूस हुए झटके
शहरी क्षेत्र ही नहीं
बल्कि ग्रामीण अंचल में भूकंप के झटके महसूस किए। शिकोहाबाद प्रतिनिधि के
अनुसार क्षेत्र में दो बार झटके महसूस किए। पहले 11.43 पर तथा दूसरा 12.20
के करीब आया। सिरसागंज क्षेत्र में भूकंप के झटकों की चरचाएं रहीं। एका में
11.45 बजे अचानक कुर्सियां हिलीं, फरिहा क्षेत्र में झटके लगने से लोग
घरों से बाहर आ गए। नारखी क्षेत्र में कई स्कूलों में बच्चे तक बाहर की ओर
दौड़े। खैरगढ़ के साथ ही कसबा जसराना में भी भूकंप के झटके लोगों ने महसूस
किए।
जिले में नहीं भूकंप मापक यंत्र
जिले में भूकंप के मापक
यंत्र नहीं है। ताकि भूकंप की तीव्रता की जांच हो सके। इस संबंध में एडीएम
कर्मेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि भूकंप मापक यंत्र शायद
नहीं है।
मकानों में दरारें, स्कूल खाली करा लिए
कटरा मोहल्ला
में हिकमत उल्ला खां के मकान की दीवारें चटक गईं। मोहल्ला दुली में सुभाष
चतुर्वेदी के गोदाम में जब चूड़ी के तोडे़ गिरने लगे तो गोदाम में काम करने
वाले लोग हैरान रह गए। दहशत के कारण कर्मचारी बाहर निकल आए। जर्जर भवनों
में चल रहे परिषदीय स्कूलों के बच्चों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया।
हैलो..हैलो...भैय्या क्या धरती हिली, हम तो विकास भवन से बाहर आ गए। समूचा
विकास भवन का ही स्टाफ बाहर है। यह फोन करने वाले थे विकास भवन के एक
कर्मचारी। बोले हमें झटके महसूस हुए ऐसा लगा कि तेज भूकंप आया हो। यह एक
काल नहीं था हर कोई इसकी तस्दीक करने में जुटे थे कि जो उन्हें महसूस हुआ
वह सही है कि नहीं। भूकंप के झटकों से पूरा जिला हिल गया। मल्टी स्टोरी
बिल्डंग में रहने वाले घबरा गए। लोग आवास छोड़ कर बाहर आ गए। स्कूलों में
समय से पहले छुट्टी कर दी गई। सरकारी और प्राइवेट कार्यालयों से भी लोग लौट
गए। करीब एक मिनट तक भूकंप के झटके शहर से गांव तक महसूस किए गए।
कुछ नजारे
समय
सुबह 11.42। एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक। भूकंप का झटका महसूस होते ही
सभी कर्मचारी और उपभोक्ता बाहर की ओर दौड़े। लोग काफी देर तक बाहर खडे़
रहे। कुछ काम किए बिना ही लौट गए।
समय सुबह 11.44। नगर निगम
मार्केट में बनी दुकानों पर दुकानदार और ग्राहक बाहर आकर खड़े हो गए। लोगों
में भूकंप को लेकर काफी भय बना हुआ दिखा।
समय सुबह 11.55। चौबान
मोहल्ला में शिप्रा बैंगल्स पर लगे चूड़ी तोड़े की कतारें गिरी हुई थीं।
दीवारों पर दरारें आ गईं। सुभाष चतुर्वेदी ने बताया कि करीब 50 हजार का
नुकसान हुआ है।
समय दोपहर 12.12 मिनट। राजपूताना मोहल्ला में हादी
हसन अंसारी के मकान में कई दरारें आ गईं। उन्होंने बताया कि करीब दो साल
पहले ही मकान बनवाया था। जो आज भूकंप से चटक गया।
समय दोपहर 12.30 बजे। कटरा पठानान स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में जर्जर भवन है। भूकंप के झटकों के बाद शिक्षकों ने छुट्टी कर दी।
समय
दोपहर एक बजे। दबरई स्थित एसोसिएशन कार्यालय में अधिवक्ता टीवी पर देश
दुनिया में भूकंप की खबर देखते मिले। कामकाज को छोड़कर इस खबर को प्रमुखता
से देखा।
दहशत में दिखे लोग
दुर्गा नगर निवासी रामनिवास ने
कहा कि एक दम चक्कर आने लगे। जब गोदाम में चूड़ी तोडे़ गिरने की आवाज आई तब
महसूस हुआ कि भूकंप आया है। दूसरी बार यह भूकंप महसूस किया।
घेरआसग्रान
निवासी महेशचंद्र शर्मा ने बताया कि गोदाम में सभी लोग आपस में बातें कर
रहे थे। अचानक पंखा हिलता देखा। भूकंप के झटके महसूस किए। तभी सभी लोग बाहर
आ गए।
छात्र सादाब ने बताया कि क्लास में मैडम पढ़ा रही थीं। तभी
ब्रैंच हिलने लगीं। सभी बच्चों ने मैडम को बताया। इसके बाद वह बाहर निकल
आए।
अभिभावकों ने लगायी स्कूलों की दौड़
टूंडला। भूकंप के झटके
आने पर परेशान अभिभावकों ने स्कूलों की ओर दौड़ लगा दी। अभिभावकों ने
बच्चों को स्कूलों के मैदानों खडे़ पाया तो उन्हाेंने राहत की सांस ली।
स्कूल संचालकों ने भूकंप आने के बाद छुट्टी कर दी।
फोटो-टूंडला में
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमचन्द्र शास्त्री के आवास पर गिरी
टीवी-5, नगला बीच में चटकी दीवार-6, घरों से बाहर खडे़ लोग-7