लेखपालों के बाद कलक्ट्रेट व तहसील कर्मियों ने किया प्रदर्शन
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कर्मचारियों ने एडीएम को सौंपा
लेखपालों की हड़ताल के बाद शुक्रवार को जिले की पांचों तहसीलों के साथ मुख्यालय पर तालाबंदी रही। कर्मचारियों द्वारा कामकाज ठप किए जाने के कारण फरियादी बैरंग लौट गए। वहीं लेखपालों ने मुख्यालय पर हुंकार भरी।
जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को आंदोलन की गूंज सुनाई दी। डीएम कार्यालय की ओर बढ़ते ही एक ओर लेखपाल तो दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन चल रहा था। कलक्ट्रेट प्रांगण में कार्यालयों में ताले लटके थे। अधिकारी हड़ताल के कारण कार्यालयों में नहीं बैठे। उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रिीयल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ के बैनर तले जिलाध्यक्ष दौजीराम, जिला मंत्री प्रमोद शाक्य, अजीत उपाध्याय, शैलेंद्र शर्मा के नेतृत्व में जिले की पांचों तहसीलों में कामकाज ठप रखा गया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित 13 सूत्रीय मांगपत्र डीएम राजेश प्रकाश को सौंपा गया। प्रदर्शन में सुनील भटनागर, राजेंद्र खन्ना, यादव कुमार तोमर, सुधीर कुलश्रेष्ठ, मुकेश सक्सेना, सौरभ गुप्ता, मदन कुमार, सुधाकर शर्मा, अकील अहमद, शैलेंद्र सिंह, छाया कुमारी, अनुपम चौहान, अंजुल सिंह आदि मौजूद रहे।
शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
यूपी एजूकेशनल मिनिस्ट्रिीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन ने 22 सूत्रीय मांगों को लेकर डीआईओएस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बीएसए, वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय, डायट नगला अमान, राजकीय इंटर कालेज नसीरपुर, टूंडला, जसराना एवं राजकीय स्कूलों का स्टाफ शामिल रहा। जिलाध्यक्ष नरायन सिंह ने कहा कि मांगों को नहीं माने जाने तक आंदोलन चलेगा। जिला मंत्री रामौतार, विनोद सेंगर, प्रेमपाल, तरुणा सिंह, सोमेंद्र दीक्षित, दानिश अहमद, नसीम बानो, विवेक सेठी, अहमद मंजर, सुरेश सगर, राजेश शर्मा, मनोज कुमार आदि शामिल रह। वहीं शिक्षक संघ पांडेय गुट के देवेंद्र शर्मा ने आंदोलन का समर्थन किया।
लेखपालों का आंदोलन जारी
लेखपाल संघ के प्रांतीय आह्वान पर धरना प्रदर्शन मुख्यालय पर जारी रहा। छह सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव,महामंत्री योगेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। तहसील अध्यक्ष विजेंद्र यादव, विजेंद्र सिंह सोनी, विवेक यादव, अशोक यादव, उदयवीर सिंह, भगवान सिंह, ब्रजपाल सिंह, अविनाश यादव, ब्रजेश उपाध्याय, राधे श्याम, देवेंद्र सिंह धाकरे शामिल रहे।
कार्यकत्रियां 12 को डायरेक्टर का फूंकेंगी पुतला
महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश शर्मा के नेतृत्व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की कार्य बहिष्कार एवं हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। 18 हजार मानदेय की मांग को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन और सोमवार को विकास भवन के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। विभाग के डायरेक्टर का पुतला फूंका जाएगा। जिलाध्यक्ष आसमा कुलश्रेष्ठ, सीमा यादव, राधा सिंह, स्नेहलता, मोहिनी, सरला, प्रमिला, आरती देवी, सुधा शर्मा, सुमन यादव, सरोज यादव, बेबी उपाध्याय, चंद्रकांति, हेमा, सुबोध यादव शामिल रहे।
हड़ताल से यह हुआ प्रभावित
-मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली हौंसला पोषण योजना कार्यकत्रियों की हड़ताल से हुई बंद।
-लेखपालों की हड़ताल से आय,जाति,निवास प्रमाणपत्र के हजारों आवेदन लंबित,राजस्व सम्बंधी शिकायतें निस्तारण प्रभावित।
-कलक्ट्रेट कर्मचारियों की हड़ताल से प्रशासन का कामकाज प्रभावित,फरियादी बैरंग लौटे।
-स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल के कारण अस्पतालों में भटके मरीज,नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर दिक्कत।
-डीआईओएस एवं बीएसए व वित्त लेखाधिकारी कार्यालयों में कामकाज अटका,हड़ताल से वेतन में होगी देरी।