तहसील दिवस के अवसर पर 19 लोगों ने उपजिलाधिकारी को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। बाकी की शेष 18 शिकायतों को संबंधित विभागों को भेज दिया।
उपजिलाधिकारी डा पंकज वर्मा ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। फरियादी गोथुआ निवासी हेमपाल सिंह ने शिकायत करते हुए कहा कि गांव के दबंगों ने खाद के गड्ढों पर कब्जा कर लिया। इससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। नगला केशोंराय निवासी सतीश चंद्र पुत्र गोपीराम ने शिकायत की है कि गांव के चकरोड को दबंगों ने अपने खेतों में मिला लिया है। ढकई निवासी धर्मेंद्र पुत्र नवाब सिंह ने शिकायत करते हुए कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही से गांव में बिजली नहीं पहुंची है। तहसील दिवस में पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रेमप्रकाश यादव, तहसीलदार रामअवतार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा संजीव वर्मा, खंड विकास अधिकारी प्रतिमा निमेष, पालिका अधिशासी अधिकारी एके सिंह चौहान, थाना टूंडला, पचोखरा, नगला सिंघी, नारखी पुलिस प्रभारी आदि उपस्थित रहे।