शिकोहाबाद। जयपुर से शिकोहाबाद लौटते समय चलती बस में किसी ने 14 वर्षीय अभिषेक कुमार को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया, जिसके बाद आरोपी उसका बैग, रुपये और मोबाइल लेकर फरार हो गया।
सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वह प्रतापपुर कट के पास हाईवे किनारे बेहोशी की हालत में मिला, जिसकी पहचान पुलिस ने आधार कार्ड से की। सूचना मिलने पर चाचा रवि कुमार और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने उसे संयुक्त चिकित्सालय से बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। चाचा के अनुसार, अभिषेक रविवार रात साढ़े आठ बजे बस से शिकोहाबाद आ रहा था। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और अभी तहरीर नहीं मिली है। संवाद