किशोरी की मौत के बाद अस्पताल के बाहर हंगामा करते परिजन।
- फोटो : किशोरी की मौत के बाद अस्पताल के बाहर हंगामा करते परिजन।
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र में किशोरी की नगला बरी स्थित लक्ष्मी अस्पताल में मौत हो गई। परिजन ने भुगतान न करने पर उपचार रोकने का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शांत कर दिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
शिकोहाबाद के मोहल्ला काजीटोला निवासी राकेश कुमार की पुत्री अंजली (15) कई महीने से बीमार थी। उसके दिमाग में पानी भरने की शिकायत बताई गई थी। करीब ढाई महीने तक परिजन ने उसका उपचार नोएडा के अस्पताल में कराया था। 20 दिन पहले उसे रसूलपुर के निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया था। शुक्रवार देर शाम उसकी मौत हो गई। परिजन ने हंगामा कर दिया।
उनका आरोप था कि तीन दिन से अस्पताल प्रशासन ने इलाज रोक दिया गया था। ऑक्सीजन भी हटा दी थी। हंगामे की सूचना पर डायल-112 पुलिस के अलावा रसूलपुर पुलिस भी मौके पर आ गई। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। लक्ष्मी अस्पतला के ऑपरेशनल हेड रोहित सिकरवार का कहना है कि इनके नजदीकी रिश्तेदार ने अस्पताल में भर्ती कराया था। बिल काफी अधिक होने के कारण जमा करने के लिए कहा गया था। बच्ची का उपचार बंद नहीं किया गया था।